बिहार नगर निकाय चुनाव 2026: 'मल्टी पोस्ट EVM' और 'टोटलाइजर' के लाइव प्रयोग हेतु अधिकारियों का दो दिवसीय तकनीकी प्रशिक्षण सफल

Date: June 13, 2026

Description:

राज्य निर्वाचन आयोग, बिहार द्वारा आगामी नगरपालिका निर्वाचन 2026 को सुरक्षित, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से सम्पन्न कराने हेतु युद्ध स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। बिहार के निर्वाचन इतिहास में पहली बार अत्याधुनिक 'मल्टी पोस्ट एस3 मॉडल ई.वी.एम.' और 'टोटलाइजर' मशीन का प्रत्यक्ष व लाइव प्रयोग किया जाएगा। इस नवप्रवर्तन को धरातल पर उतारने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय, पटना में 12 और 13 जून 2026 को दो दिवसीय विशेष तकनीकी प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। माननीय राज्य निर्वाचन आयुक्त डॉ. दीपक प्रसाद के कुशल मार्गदर्शन और ECIL, हैदराबाद के वरिष्ठ तकनीकी विशेषज्ञों के नेतृत्व में आयोजित इस सघन प्रशिक्षण में पटना, सारण, औरंगाबाद, पूर्वी चम्पारण और सिवान जिलों के मास्टर ट्रेनर्स, आई.टी. मैनेजर और डी.आई.ओ. स्तर के पदाधिकारियों को व्यावहारिक (Hands-on) प्रशिक्षण और मॉक पोल का अभ्यास कराया गया। आयोग के सचिव श्री मुकेश कुमार सिन्हा ने बताया कि 'टोटलाइजर' मशीन बिहार आयोग की एक अनूठी देन है, जिसके जरिए मतगणना के दिन मतों की शुचिता बनाए रखते हुए परिणाम को पदवार व अभ्यर्थीवार समेकित कर बड़ी स्क्रीन पर प्रदर्शित किया जा सकेगा। प्रशिक्षण के दौरान मुख्य तकनीकी मॉड्यूल जैसे—एक ही ईवीएम से विभिन्न पदों हेतु 'मल्टी पोस्ट वोटिंग प्रणाली', डेटा संरक्षण के लिए 'सिक्योर मेमोरी मॉडल (SMM)', उम्मीदवार निर्धारण (Candidate Setting) और प्रथम स्तरीय जाँच (FLC) पर विशेष बल दिया गया। यह नवाचार बिहार को देश के चुनावी सुधारों में एक 'रोल मॉडल' के रूप में स्थापित करता है।

Gallery Images